0 महाराष्ट्र के २९ महानगर पालिका में आज नगरसेवकों का चुनाव/ पूरे राज्य में आज मतदान/ मुंबई मनपा पर सबकी नजर। - Khabre Mumbai

Breaking News

महाराष्ट्र के २९ महानगर पालिका में आज नगरसेवकों का चुनाव/ पूरे राज्य में आज मतदान/ मुंबई मनपा पर सबकी नजर।

महाराष्ट्र की २९ महानगर पालिकाओं में आज नगरसेवक का चुनाव हो रहा है।
देश की सबसे धनाढ्य महानगरपालिका मुंबई में भी सभी २२७ वार्डो में आज मतदान शुरू हो गया है।
इस बार यह चुनाव २०१७ के बाद अब हो रहा है।
अब तक २०२२ के बाद से ही प्रशासक द्वारा मनपा का संचालन हो रहा था। इस समय प्रशासक के तौर पर मनपा आयुक्त भूषण गगरानी पद आसीन हैं।
शिवसेना एवं राकांपा के विभाजन के बाद पहली बार मनपा चुनाव हो रहा है जिसमें शिवसेना (शिंदे गुट) भाजपा के साथ युति में हैं जबकि शिवसेना UBT ,मनसे के साथ गठबंधन में पहली बार लड़ रही है।
पहले मूल शिवसेना भाजपा के साथ २५ वर्षों तक गठबंधन में रही और शिवसेना ने मनपा पर शासन किया है।
मराठी भाषा ,मराठी मानुष की अस्मिता को आधार बनाकर जहां ठाकरे बंधु एक साथ आए हैं वहीं भाजपा ने भी ताल ठोक दिया है कि महापौर हिंदू मराठी ही होगा।

एक साक्षात्कार में सीएम फडणवीस ने कहा कि मनसे हमारे साथ होती यदि हम उनके मारने पीटने के स्टाइल को समर्थन देते पर हमे यह मंजूर नहीं। हम भी मराठी हैं, कही और से नहीं। मराठी भाषा का सम्मान होना चाहिए , बिल्कुल सहमत हूं लेकिन किसी अन्य भाषी को जबरदस्ती मारना, अपमानित करना यह बिल्कुल गलत है। हमारी सरकार ने मराठी को अभिजात्य भाषा का दर्जा दिया है।

वहीं उत्तर भारतीयों के सुरक्षा के लिए उत्तर भारतीय विकास सेना के अध्यक्ष सुनील शुक्ला ,एडवोकेट ने भी अपने कई उत्तर भारतीय और मराठी उम्मीदवार मनपा में उतारे हैं, इस पार्टी को चुनाव चिन्ह ऑटो रिक्शा मिला है।

मनसे प्रमुख के खिलाफ सुनील शुक्ला ने पहले सुप्रीम कोर्ट और फिर हाई कोर्ट, मुंबई में याचिका लगाई है जिस पर कल मनसे प्रमुख को हाई कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश दिया गया है। याचिका में मनसे के पार्टी पंजीकरण को भी निरस्त करने की मांग रखी गई है।

कुल ३,४८, ७९,३३७ मतदाता मतदान करेंगे, २८६९ सीटें हैं। ३९,०९२ मतदान केंद्र बने हैं।
मैदान में कुल १५९०८ उम्मीदवारों की किस्मत साख पर लगी है।

मुंबई मनपा के २२७ वार्ड में कुल १७०० उम्मीदवार हैं जबकि सभी २९ मनपा में ८९३वार्ड्स शामिल हैं।
मुंबई में कांग्रेस,  वंचित बहुजन आघाड़ी (प्रकाश आंबेडकर ) राष्ट्रीय समाज पक्ष के साथ गठबंधन में है। मुंबई में २५ हजार से अधिक पुलिस तैनात है, १०२३१ मतदान केंद्र हैं। यहां ६४३७५ अधिकारी चुनावी ड्यूटी पर मौजूद है।

राज्य के इन मनपा चुनाव को विधानसभा २०२९ चुनाव का सेमी फाइनल माना जा रहा है।









No comments