0 आज सोमवती अमावस्या- शिव पार्वती की पूजा का है विशेष महत्त्व - Khabre Mumbai

Breaking News

आज सोमवती अमावस्या- शिव पार्वती की पूजा का है विशेष महत्त्व

सोमवार 30 मई- 

आज सोमवती अमावस्या है। धार्मिक दृष्टि से सोमवती अमावस्या का बहुत ही ज्यादा महत्व बताया गया है। इस दिन शिवजी और पितरों की पूजा करना कई गुणा लाभ प्रदान करता है। सुहागन महिलाएं इस दिन शिव पार्वती की पूजा करके अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं और सोमावती देवी से आशीर्वाद मांगती हैं कि जैसे उनका सुहाग अखंडित रहा वैसे ही उनका भी सौभाग्य और सुहाग बना रहे।


सोमवती अमावस्या पर शनि जयंती
इस वर्ष कई वर्षों के बाद ऐसा दुर्लभ संयोग बना है कि सोमवती अमावस्या के दिन अमावस्या तिथि के स्वामी शनि देव की भी जयंती मनाई जाएगी। लेकिन इस बार की सोमवती अमावस्या का महत्व यहीं तक नहीं है। इस बार सोमवती अमावस्या के दिन ही सुहाग का पर्व वट सावित्री भी है। और इस पर सोने पर सुहागा यह है कि इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग उपस्थित हो रहा है। साथ ही 30 साल बाद शनि महाराज अपने जन्मदिन पर अपनी राशि कुंभ में होंगे।


शुभ संयोगों के बीच इस साल सोमवती अमावस्या का होना सुहागन महिलाओं के बहुत ही खास है। इस दिन पीपल और वट की पूजा करना बहुत ही पुण्य दायक होगा। जल में दूध, अक्षत, चीनी, फूल, और शहद मिलकर वट वृक्ष को देना अत्यंत ही शुभ फलदायी रहेगा। सुहागिनों को इससे सौभाग्य की प्राप्ति होगी। और पारिवारिक जीवन में चल रही उलझनों और दूरियों में कमी आएगी और आपसी प्रेम बढ़ेगा।

(संकलन- आचार्य अजय मिश्र जी, मुख्य पुजारी- विहिप संचालित समर्थ हनुमान टेकड़ी, सायन मुम्बई)

No comments