नाशिक मनपा के डॉक्टर जाकिर हुसैन अस्पताल से बड़ी खबर- ऑक्सीजन टैंकर हुआ लीक - 22 मरीजों की ऑक्सीजन न मिलने से मौत/ उद्धव ठाकरे ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश
नाशिक महानगरपालिका के अंतर्गत डॉक्टर जाकिर हुसैन कोविड अस्पताल में 157 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिसमें 61 मरीज को ऑक्सीजन की आवश्यकता थी । 23 मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे , तभी अचानक आज दोपहर में वहां मौजूद एक ऑक्सीजन टैंकर के लीक हो जाने से बहुत सारा ऑक्सीजन बर्बाद हो गया और आधे घंटे तक अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई बंद हो गई । इस घोर लापरवाही के चलते वेंटिलेटर पर मौजूद 22 मरीज ऑक्सीजन ना मिल पाने के कारण मौत के मुंह में समा गए। ऑक्सीजन की आपूर्ति न होने के चलते 22 मरीजों ने अपना दम तोड़ दिया ।
अस्पताल में देखते ही देखते कोहराम मच गया। हालांकि मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड सपोर्ट करने पहुंच गया और हालात पर काबू पाने की पूरी कोशिश की गई।
राजनेताओं में सबसे पहले स्थानीय मलोकर शिवसेना नेता सुधाकर बडगूजर पहुंचे जिनके अनुसार आशंका है कि 30 से 35 मरीजों की जान जा सकती है।
नाशिक जिला कलेक्टर सूरज मंधारे अस्पताल पहुंचे ।उनके अनुसार यह टैंकर एक प्राइवेट वेंडर से मंगाया गया था ।टैंकर में एक वाल्व के सही तरीके से काम न कर सकने की बात सामने आई है। लो प्रेशर होने की वजह से ऑक्सीजन लीक होने की घटना सामने आई है। हालांकि कुछ तकनीकी विशेषज्ञों ने इसे फिक्स करने का काम जरूर किया था ।
आगे की जांच जरूर की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई भी की जाएगी।
नाशिक जिला कलेक्टर श्री मंधारे ने मृत व्यक्तियों के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
अन्य मरीजो को रिपेयर किये गए टैंकर से ऑक्सीजन सप्लाई शुरू की गई है। अन्य मरीजो की हालत स्थिर बताई जा रही है।
कई परिजनों द्वारा हंगामा भी किया गया। परिजन नाशिक महानगर पालिका द्वारा लापरवाही बरतने व घटना की सही जानकारी न देने का भी आरोप लगा रहे हैं। विधानपरिषद में भाजपा से वि. प. विरोधी पक्ष नेता प्रवीण दरेकर ने कहा कि यह अज्ञानता का विषय है और नाशिक मनपा आयुक्त के खिलाफ होमिसाइड का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। दरेकर ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए राज्य सरकार भी समान रूप से जिम्मेदार है।
बता दें कि नाशिक महानगर पालिका में भाजपा बहुमत में है। हालांकि किसी भजपा नेता द्वारा अस्पताल में तुरंत न पहुंच सकने पर सभी ने नाराजगी जताई। दरेकर ने कहा कि कोई सवाल ही नही रहता कि हम यहां नही हैं, मैं और विधानसभा विरोधी पक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस दिन के २४ घंटे जनता के लिए सेवा में तत्पर हैं। साफ तौर ओर इस घटना की जिम्मेदारी ना.म.पा. के अधिकारियों की बनती है।
यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना ऐसे मौके पर हुई है जब महाराष्ट्र लगातार लॉक डाउन की तरफ बढ़ रहा है, संक्रमण अपने चरम पर है और ऑक्सीजन की आपूर्ति की कमी से पूरा राज्य जूझ रहा है।
पुणे, मुम्बई, नागपुर के अलावा नाशिक भी कोरोना की चपेट में बुरी तरह प्रभावित रहा है।
नाशिक में लगभग ३००० मामले प्रतिदिन आ रहे हैं।वर्तमान मेंअब तक लगभग २६७२ मौतें हो चुकी हैं और कुल सक्रिय मामले ४५००० के करीब पहुंच चुका है।
राज्य के मुखिया उद्धव ठाकरे ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।घटना में प्रभावित हुए परिजनों को पांच लाख रुपये मुवावजे का ऐलान किया गया है।
No comments
Post a Comment