0 उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस आज । पूर्व राज्यपाल राम नाईक की पहल पर मनाया गया था पहली बार स्थापना दिवस / 70 साल का हुआ उत्तर प्रदेश /राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत कई मंत्रियों ने दी बधाई। - Khabre Mumbai

Breaking News

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस आज । पूर्व राज्यपाल राम नाईक की पहल पर मनाया गया था पहली बार स्थापना दिवस / 70 साल का हुआ उत्तर प्रदेश /राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत कई मंत्रियों ने दी बधाई।

24 जनवरी 1950 के दिन उत्तर प्रदेश को अपना नाम मिला। तब से अब तक उत्तर प्रदेश की स्थापना को 70 वर्ष बीत चुके हैं। 3 वर्ष पहले तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक की पहल पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाने की प्रथा शुरू की गई। आज इसी प्रथा को आगे बढ़ाते हुए तीसरा वर्ष पूर्ण हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित राजभवन में राज्य की स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
 पीएम मोदी ने भी स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं
उनके ही शब्दों में - त्याग, तप, परंपरा और संस्कृति की पावन भूमि रहा यह राज्य आज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि चौतरफा विकास की ओर अग्रसर यह प्रदेश यूं ही नई ऊंचाइयों को छूता रहे।


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि सभी भाइयों बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं ।उत्तर प्रदेश में विकास की संभावनाएं हैं और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चौतरफा विकास हो रहा है। उत्तर प्रदेश निरंतर समृद्ध और विकसित हो यही ईश्वर से प्रार्थना है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को संबोधन किया। अपने उद्गार में उन्होंने कहा, " भगवान राम और लीलाधर भगवान कृष्ण की पावन जन्मस्थली, भारत का हृदय और भारतीय संस्कृति के उद्गम स्थल स्वरूप उत्तर प्रदेश की स्थापना दिवस पर सभी निवासियों को हार्दिक बधाई।"


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी सभी को बधाई दी है।
"भारत के इतिहास, संस्कृति, आध्यात्म, कला, साहित्य, स्थापत्य, पर्यटन सहित सभी क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश का सदैव अद्भुत योगदान और विशिष्ट स्थान रहा है। आज उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेश को इस गौरव यात्रा पर गतिमान रहने तथा प्रदेशवासियों की उन्नति व खुशहाली की कामना है।"

यूपी दिवस का उद्घाटन शिल्पग्राम में किया गया जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अध्यक्षता की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे। इस बार लखनऊ के साथ-साथ नोएडा में भी यूपी दिवस मनाया जा रहा है। कल योगी आदित्यनाथ नोएडा भी जाएंगे। यूपी स्थापना दिवस का कार्यक्रम 24 से 26 जनवरी तक चलेगा। नोएडा हॉट-  गौतम बुद्ध नगर में  24 जनवरी से 10 फरवरी तक एक जिला एक उत्पाद के तहत  प्रदर्शनी का कार्यक्रम चलेगा।

इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस की थीम आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला युवा किसान, सबका विकास सबका सम्मान है। उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को लक्ष्मण पुरस्कार तथा रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार दिया जाएगा।  दुग्ध उत्पादकों को गोकुल पुरस्कार एवं नन्द बाबा पुरस्कार दिए जाएंगे। कृषि विभाग द्वारा तीन किसानों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।


 इस मौके पर विभिन्न विभागों की योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाएगा। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत उन्नत टूल किट का वितरण किया जाएगा। विभागीय योजनाओं के तहत लाभार्थियों को ऋ ण दिया जाएगा। खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा सोलर चरखा, इलेक्ट्रॉनिक चाक, दोना-पत्तल मशीन का वितरण किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में एमएसएमई विभाग द्वारा प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। 

एमएसएमई विभाग का एप भी इस मौकेपर लांच किया जाएगा।  यूपी दिवस के मौकेपर हुनर हाट प्रदर्शनी,ओडीओपी प्रदर्शनी, उत्तर प्रदेश सरकार की 4 वर्ष की उपलब्धियों की प्रदर्शनी, संस्कृति विभाग की प्रदर्शनी, पर्यटन विभाग की प्रदर्शनी और गृह विभाग, महिला एवं बाल कल्याण विभाग की मिशन शक्ति पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

स्पर्धा परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी के लिए आगामी बसंत पंचमी से अभ्युदय  कोचिंग योजना की शुरुआत की जा रही है। उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के अंतर्गत मेडल, सम्मान पत्र और 11 लाख राशि दी जाएगी। शहीद परिजनों को ५० लाख रुपये की आर्थिक मदद और नौकरी की सहयता की जाएगी।

स्थापना दिवस के अवसर पर बधाई देनेवालों में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई गणमान्य विभूतियों का नाम शामिल है।  राज्य के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी का आभार माना है।




No comments