नही रहे मुम्बई भाजपा के दिग्गज नेता सरदार तारा सिंह- पांच बार नगरसेवक और चार बार रहे विधायक/ कल सायन - मुम्बई से निकलेगी अंतिम यात्रा/ पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस, मुम्बई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा, पूर्व सांसद किरीट सोमैया, पूर्व गृहराज्यमंत्री सचिन अहीर, उत्तर प्रदेश पूर्व राज्यपाल राम नाईक समेत कई दिग्गजों ने जताया गहरा शोक/
८२ वर्षीय मुम्बई भाजपा के दिग्गज नेता सरदार तारा सिंह का आज सुबह मुम्बई के लीलावती अस्पताल में लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया है।
तारा सिंह जी ने मुम्बई मनपा से ५ बार नगरसेवक पद पर रहते हुए स्लम, चाल, झोपड़ीधारकों के लिए अनगिनत काम किये। जो नही हो सकता था वह भी जनता के लिए कर दिखाया। अपनी असरदार मूछों के लिए भी तारा सिंह जी विधायको में काफी चर्चित रहते थे।
मुलुंड विधान सभा से तारा सिंह जी २० साल तक विधायक रहे और कार्य सम्राट बनकर जनता के लिए भरपूर समय और काम दिया।
अपने कार्यालय में निश्चित समय पर पहुंच जाते और बिना रोक टोक मिलने वाले प्रतिनिधियों में से एक विधायक रहे हैं।
२०१९ में भाजपा ने उन्हें बढ़ती उम्र और शारीरिक अवस्था ठीक न होने के चलते इस बार टिकट नही दिया था।
सरदार तारा सिंह के निधन पर मुम्बई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके वरिष्ठ और पार्टी के कार्यसम्राट नेता का निधन भाजपा के लिए बहुत दुखद है।
पूर्व राज्यपाल, उत्तर प्रदेश- राम नाईक ने उनके विषय मे कहा कि सरदार तारा सिंह के माता पिता कांग्रेस के भले ही रहे हों, पर तारा सिंह जी ने सिर्फ समाज सेवा के लिए भाजपा को अपनाया और वह मुम्बई उत्तर पूर्व जिला के अध्यक्ष भी थे। सरदार तारा सिंह जी की गणना राष्ट्रीय स्तर पर आदर्श जनप्रतिनिधियों के बीच होती थी।
राम नाईक जी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह मुम्बई भाजपा अध्यक्ष थे उस वक्त तारा सिंह जी ने पहला चुनाव जीता ।जनता को सहजता से मिलने वाले प्रतिनिधि के रूप में उनकी ख्याति है और लंबे समय तक वह नगरसेवक और विधायक बने रहे।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दुख जताते हुए ट्वीटर पर लिखा कि तारा सिंह जी ४० वर्षों के लगभग बतौर नगरसेवक और विधायक के रूप में जनसेवा की। जनता के लिए बड़े उत्साह के साथ लड़ने वाले, उनकी समस्याओं को हल करने वाले दिग्गज नेता रहे । उन्होंने जमीनी स्तर पर काफी काम किया और जनता के लिए हमेशा सुलभता से उपलब्ध रहे। उन्हें हमेशा याद किया जाता रहेगा।
तारा सिंह जी पिछले एक डेढ़ वर्ष से बीमार चल रहे थे।पिछले कई दिन से उनका बांद्रा के लीलावती अस्पताल में उपचार चल रहा था।
उनकी अंतिम यात्रा कल रविवार 11 बजे पंजाबी कालोनी, सायन कोलीवाड़ा ,मुम्बई से निकलेगी।
No comments
Post a Comment