महाराष्ट्र पुलिस की मुख्य कमान रश्मि शुक्ला को मिली/ पुणे पोलिस आयुक्त, सीआरपीएफ अतिरिक्त महानिदेशक रह चुकी हैं शुक्ला
सशस्त्र सीमा बल की महानिदेशक रहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला को महाराष्ट्र पुलिस का डायरेक्टर जनरल यानि महानिदेशक बनाया गया है। वह अभी केंद्र द्वारा डायरेक्टर जनरल पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वह वर्तमान महानिदेशक रजनीश सेठ की जगह ले रही हैं। रजनीश सेठ महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग( एमपीएससी) अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे।
रश्मि शुक्ला महाराष्ट्र कैडर १९८८ बैच की आईपीएस अधिकारी रही हैं। सशस्त्र सीमा बल से पहले वह सीआरपीएफ की महानिदेशक रह चुकी हैं। इसके अतिरिक्त वह पुणे पुलिस कमिश्नर पद भी सफलतापूर्वक संभाल चुकी हैं। स्टेट इंटेलिजेंस ( खुफिया विंग) इकाई की भी निदेशक रही हैं। फोन टैपिंग मामले से वह काफी चर्चा में आईं थीं।
बताते चले कि २०१५ से २०१९ के बीच कई राजनेताओं के फोन टैपिंग के आरोप रश्मि शुक्ला पर लगाए गए थे लेकिन इस मामले में मुंबई उच्च न्यायालय ने इस साल सितंबर में शुक्ला के खिलाफ लगे आरोपों को खारिज कर दिया था। उस समय भाजपा गठबंधन सत्ता पर काबिज था।
फोन टैपिंग के आरोप से मिला मीडिया अटेंशन
शुक्ला के खिलाफ मुंबई के कोलाबा में जो प्राथमिकी दर्ज हुई थी उसमे शिवसेना UBT के नेता एवम राज्यसभा सदस्य संजय राउत, राकांपा नेता एकनाथ खडसे के फोन टैपिंग करवाने का आरोप था। जबकि पुणे में ही दूसरी प्राथमिकी उनके खिलाफ दर्ज की गई जिसमे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले का फोन टैप करने का आरोप लगाया गया था।श्रीमती शुक्ला पर यह भी आरोप लगा था कि पोलिस की गोपनीय रिपोर्ट उनके वजह से लीक हुई थी जिसमे पुलिस अधिकारियों एवम बिचौलियों के बीच पोस्टिंग, पदोन्नति, ट्रांसफर को लेकर पैसे के लेन देन की बात हुई थी। मार्च २०२१ में तत्कालीन राज्य गृह मंत्री अनिल देशमुख के फोन टैपिंग का आरोप श्रीमती शुक्ला पर लगा था।
रश्मि शुक्ला खुद पर लगे सभी आरोपों को शुरू से ही नकारती रहीं और कहा कि उन्होंने सारे काम सिर्फ देश हित में किए हैं।
राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी है कि राज्य में वरिष्ठ अधिकारियों की सूची केंद्र को सौंपी गई है। रश्मि शुक्ला राज्य की सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं।
राज्य मे सबसे सीनियर अधिकारी हैं रश्मि शुक्ला
वरिष्ठता के आधार पर शुक्ला के बाद महाराष्ट्र पोलिस हाउसिंग एंड वेलफेयर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक संदीप बिश्नोई एवम मुंबई पोलिस आयुक्त विवेक फणसलकर हैं। बिश्नोई एवम फणसलकर दोनो ही १९८९ बैच के अधिकारी हैं। बिश्नोई ३१ मार्च २०२४ व विवेक फणसलकर ३१ मार्च २०२५ को सेवानिवृत्त होंगे। रश्मि शुक्ला ३० जून २०२४ को रिटायर हो रही हैं।
संक्षिप्त जीवन परिचय
१५ अगस्त १९६५ को मुंबई में जन्मी ५८ वर्षीया रश्मि का पूरा शैक्षणिक जीवन मुंबई में ही बीता, देश के लिए सेवा करने की भावना ने यूपीएससी की तरफ आकर्षित किया और कठिन परिश्रम के चलते उनका चयन १९८८ में टॉप १०० उम्मीदवारों में हुआ था। उनका विवाह उदय शुक्ला के साथ हुआ। उदय शुक्ला भारतीय रेलवे में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के मुख्य सुरक्षा आयुक्त कम इंस्पेक्टर जनरल के पद पर थे । हृदयाघात के चलते उदय शुक्ला का देहांत २०१८ में हो गया।
विशिष्ट सेवाओं के लिए रश्मि शुक्ला को मिला सम्मान
२००५ में राष्ट्रपति पोलिस पदक का सम्मान उन्हे दिया गया। २००८ मुंबई आतंकी हमले के वक्त राज्य सरकार के साथ समन्वयक के रूप में बेहतर कार्य किया और इसके लिए सम्मान भी मिला। २०१३ में पुनः राष्ट्रपति पोलिस पदक का सम्मान मिला।
No comments
Post a Comment