0 मुंबई निर्भया मामले से महाराष्ट्र सरकार सख्त। मुंबई के सभी 90 पुलिस थानों को मिलेगा निर्भया स्क्वाड। पिछले 5 सालों का अपराधियों का निकाला जाएगा रिकॉर्ड । स्कूल, कॉलेज,अनाथ आश्रम,गर्ल्स हॉस्टल होंगे विशेष निगरानी में/ - Khabre Mumbai

Breaking News

मुंबई निर्भया मामले से महाराष्ट्र सरकार सख्त। मुंबई के सभी 90 पुलिस थानों को मिलेगा निर्भया स्क्वाड। पिछले 5 सालों का अपराधियों का निकाला जाएगा रिकॉर्ड । स्कूल, कॉलेज,अनाथ आश्रम,गर्ल्स हॉस्टल होंगे विशेष निगरानी में/

गत दिनों मुंबई के साकीनाका में 32 वर्षीय महिला के साथ हुई बलात्कार और गुप्तांग में रॉड डालने के बाद खून से लथपथ छोड़ देने की घटना ने दिल्ली के निर्भया की याद ताजा कर दी। इस घटना से शहर के गणेशोत्सव के वातावरण में विष सा घुल गया। जिसके बाद महाराष्ट्र समेत पूरे देश में हंगामा मच गया।

 एक और जहां मुख्य विरोधी पार्टी भाजपा को महाराष्ट्र की महा विकास आघाडी सरकार के खिलाफ बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया वही सरकार भी इस संवेदनशील मुद्दे पर गंभीर हो गई ।महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने पीड़िता निर्भया के अत्यंत करीबी परिजनों को २० लाख रुपए की मदद देने की घोषणा कर दी।


 उल्लेखनीय है कि निर्भया ने मनपा संचालित राजावाड़ी अस्पताल में  मौत से लड़ते हुए २८ घंटे बाद दम तोड़ दिया था। इसकी वजह उसके शरीर पर बुरी तरह मारने पीटने के निशान भी बताए गए जो अपराधी मोहन चौहान ने दिए थे। मोहन को पुलिस कस्टडी दी गई है।

निर्भया और अपराधी मोहन चौहान एक दूसरे को पहले से जानते थे और लिव इन रिलेशनशिप में थे । वह इस घटना के पहले भी पांच छह बार मिल चुके थे।  मोहन चौहान की फिलहाल अतिरिक्त जानकारी में जो बात सामने आई वह यह थी कि इसके पहले उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। लेकिन जिस दरिंदगी से उसने उस महिला के साथ अत्याचार किया उसके लिए कानूनी ढंग से कठोरतम सजा दी जानी चाहिए। 
मामले को फ़ास्ट ट्रैक में चलाया जाएगा। मुम्बई पुलिस ने कहा है कि जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।

 घटना के तुरंत बाद सोमवार को हुई हाईप्रोफाइल मीटिंग में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे , गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटील, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, पुलिस आयुक्त मुंबई शहर -हेमंत  नगराले, अतिरिक्त मुख्य सचिव  के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाने के निर्देश दिए गए ।

इसी कड़ी में मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नगराले ने निर्देश जारी किया है कि मुंबई के सभी 90 पुलिस स्टेशनों में अब महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा निर्भया स्क्वाड टीम तैनात रहेगी।

 (मुम्बई पुलिस आयुक्त- हेमंत नगराले)

 पेट्रोलिंग के लिए  मोबाइल 5 अब निर्भया स्क्वाड  के रूप में जानी जाएगी। इस टीम में एक महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर, एक महिला असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर ,एक महिला कॉन्स्टेबल ,एक पुरुष कॉन्स्टेबल, एक ड्राइवर मौजूद रहेंगे। ये सभी महिला सहायक पुलिस आयुक्त या वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक की देखरेख में काम करेंगे।

  (मुम्बई पुलिस- निर्भया स्क्वाड टीम: प्रतीकात्मक)

 विशेषकर अनाथ आश्रम ,महिला आश्रम, बाल आश्रम , गर्ल्स हॉस्टल, स्कूल , कॉलेजेस अस्पताल व अन्य संवेदनशील इलाके पुलिस की नजर में रहेंगे इसके अलावा निर्भया कंप्लेन बॉक्स भी रखा जाएगा। निर्भया स्क्वाड के सदस्यों को दो दिवसीय ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

पुलिस हर एरिया में पिछले पांच साल का रिकॉर्ड रखेगी और महिलाओं व बच्चों पर हुए अत्याचार के आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों 
की कार्यकलापों पर विशेष नजर रखेगी।

सभी पुलिस थानों को निर्देशित किया गया है कि जो क्षेत्र महिलाओं और बच्चों के लिए संवेदनशील है उनमें पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए।


सभी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के द्वारा निर्भय स्क्वाड टीम को पेन कैमरा उपलब्ध कराया जाएगा जिसके माध्यम से निर्भया स्क्वाड टीम के सदस्य किसी भी समय महिलाओं के साथ कोई छेड़छाड़ या अन्य मामलों का वीडियो या सबूत आसानी से ले सकते हैं।

निर्भया स्क्वाड अपने क्षेत्र के वरिष्ठ  महिला नागरिकों  संपर्क का डाटा रखेंगे और पेट्रोलिंग के दौरान उनसे भी बात करके उनकी समस्याओं को हल करेंगे।


No comments